नाइजीरिया में हाल ही में हुए एक बड़े अपहरण कांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। नाइजर प्रांत के सेंट मेरी को-एजुकेशन कैथोलिक स्कूल से हथियारबंद बंदूकधारियों ने शुक्रवार को 300 से अधिक बच्चों और 12 शिक्षकों का अपहरण कर लिया था। यह घटना नाइजीरिया में बढ़ते उग्रवादी हिंसा और किडनैपिंग गैंगों की खतरनाक गतिविधियों का ताजा उदाहरण है। लेकिन इस भयावह माहौल के बीच रविवार को एक राहत भरी खबर सामने आई। नाइजीरिया की क्रिश्चियन एसोसिएशन ने जानकारी दी कि अपहरण किए गए बच्चों में से 50 छात्र किडनैपर्स की निगरानी को चकमा देकर भागने में सफल रहे और सुरक्षित अपने घर लौट आए हैं। इस खबर ने डर और गम से घिरे परिवारों को थोड़ी राहत दी है।
कैसे हुआ था हमला?
शुक्रवार सुबह किडनैपर्स ने अचानक स्कूल में धावा बोल दिया। भारी हथियारों से लैस हमलावरों ने स्टाफ और बच्चों को बंधक बनाया और फिर उन्हें जंगलों की ओर ले गए। कुल 303 बच्चे और 12 शिक्षक इस हमले में अगवा किए गए थे। अगवा किए गए बच्चों की उम्र 8 से 18 वर्ष के बीच बताई जा रही है। इनमें लड़के और लड़कियां दोनों शामिल हैं। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों ने खोज अभियान शुरू किया, लेकिन घने जंगल, कठिन इलाका और किडनैपर्स की रणनीति सुरक्षा बलों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।
किडनैपिंग की दूसरी घटनाओं से बढ़ी चिंता
सिर्फ नाइजर प्रांत ही नहीं, बल्कि नाइजीरिया के कई हिस्सों में हाल के दिनों में किडनैपिंग की घटनाएं बढ़ी हैं।
-
केब्बी प्रांत में पिछले सोमवार को 25 छात्राओं का अपहरण किया गया।
-
मंगलवार को क्वारा प्रांत की एक चर्च पर हमलावरों ने हमला किया, जिसका लाइव स्ट्रीमिंग भी चल रहा था।
गोलियों की आवाज, भगदड़ और चीख-पुकार से माहौल दहशत से भर गया था।
इन लगातार हो रही घटनाओं ने नाइजीरिया की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
भागने वाले बच्चों की वापसी ने दी उम्मीद
क्रिश्चियन एसोसिएशन ऑफ नाइजीरिया ने बयान जारी किया—“आज हमें एक अच्छी खबर मिली है। 50 छात्र किडनैपर्स के चंगुल से निकलकर सुरक्षित अपने माता-पिता तक पहुंच गए हैं। इन बच्चों ने किस तरह किडनैपर्स को चकमा दिया, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। लेकिन माना जा रहा है कि रात के समय, जब किडनैपर्स की नजर कमजोर थी, बच्चे समूह में भाग निकले।राष्ट्रपति बोला टीनुबू ने भी सोशल मीडिया पर अपडेट देते हुए कहा कि अब तक 51 छात्रों को बरामद किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार बाकी बंधकों को छुड़ाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।